लराठी ग्राम पंचायत में टीना मीणा ने संभाला सरपंच का कार्यभार, ग्रामीणों ने किया स्वागत
खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत लराठी में नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा, उपसरपंच जितेंद्र बरंडा और वार्ड पंचों ने कार्यभार ग्रहण किया। समारोह में ग्रामीणों ने स्वागत किया। जानिए सरपंच ने गांव के विकास को लेकर क्या संकल्प जताया।

खेरवाड़ा की लराठी ग्राम पंचायत में कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा और ग्रामीण.
खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत लराठी में नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा, उपसरपंच जितेंद्र बरंडा सहित सभी वार्ड पंचों ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का माला पहनाकर और साफा बंधवाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यभार ग्रहण समारोह में ग्राम विकास अधिकारी ललिता देवी, पंचायत कर्मचारी, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने नई पंचायत कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा ने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ ग्राम पंचायत के विकास के लिए कार्य करेंगी।
वहीं, वार्ड पंचों ने भी अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और सरपंच के साथ समन्वय बनाकर गांव के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने नई पंचायत कार्यकारिणी को बधाई देते हुए गांव के सर्वांगीण विकास की उम्मीद जताई।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित सरपंच टीना मीणा पूर्व सरपंच लालुराम मीणा की बहन हैं। वे स्नातक (ग्रेजुएट) तक शिक्षित हैं। सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के कार्यभार संभालने के साथ ही ग्राम पंचायत लराठी में नई पंचायत कार्यकारिणी ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
