कुंभलगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, 16 बकरियां भी मरीं
ओलावृष्टि से बचने के लिए महुआ के पेड़ के नीचे खड़े थे दो चरवाहे, हादसे में एक साथी झुलसा और 16 मवेशियों की गई जान।

कुंभलगढ़ (प्रात:काल संवाददाता)। राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ उपखंड क्षेत्र में सोमवार को प्रकृति ने रौद्र रूप दिखाया, जहाँ अचानक बदले मौसम के साथ हुई भीषण बारिश और ओलावृष्टि एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। केलवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरडाया चतरा जी का गुड़ा स्थित राजकीय विद्यालय के समीप महुआ के पेड़ के नीचे आश्रय लेना एक किशोर के लिए काल बन गया। यहाँ आकाशीय बिजली गिरने से चरवाहे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से झुलस गया। इस हृदयविदारक घटना में 16 बकरियों की भी जान चली गई।
घटनाक्रम के अनुसार, चतरा जी गुडा गजपुर निवासी मदन लाल पुत्र फेफरा राम भील (16 वर्ष) अपनी बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। बारिश और ओलावृष्टि से बचने के लिए मदन लाल अपने साथी प्रकाश पुत्र माधु राम भील के साथ पास ही स्थित एक विशाल महुआ के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी बीच कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से मदन लाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में प्रकाश हल्का झुलस गया और पास ही चर रही 16 बकरियां भी बिजली की तीव्रता के कारण काल का ग्रास बन गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। केलवाड़ा थाना अधिकारी मनमंत सिंह और गजपुर चौकी प्रभारी एएसआई रामगोपाल पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के उपरांत मृतक किशोर के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु केलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। कुदरत के इस कहर ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और घटना के बाद से ही गजपुर सहित आस-पास के गांवों में गहरा शोक व्याप्त है।

