कोटड़ा थाना पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब और 56.220 किलो गांजा मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
खेरवाड़ा के कोटड़ा थाना पुलिस ने अवैध हथकढ़ शराब और 56.220 किलोग्राम गांजा की खेती के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई तेज कर दी है।

खेरवाड़ा में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाधिकारी प्रभुलाल के नेतृत्व में कोटड़ा थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध हथकढ़ शराब रखने तथा अवैध गांजा की खेती करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पहली कार्रवाई आबकारी अधिनियम के तहत हेड कांस्टेबल बलवंत सिंह ने की। इस दौरान गांधीसरणा निवासी बाबू पुत्र साजा, जाति बुम्बड़िया, को अवैध हथकढ़ शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब बरामद कर प्रकरण दर्ज किया। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रमेश चंद्र द्वारा की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत उप निरीक्षक खेमराज के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान सांडमारिया निवासी बदरु पुत्र फोजा, जाति भील, को अवैध रूप से गांजा की खेती करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के खेत से 56.220 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹23 लाख बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान थानाधिकारी प्रभु लाल द्वारा किया जा रहा है।
कोटड़ा थाना पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों एवं शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इन दोनों कार्रवाइयों को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
