कोटा-असारवा एक्सप्रेस को सातों दिन चलाने की मांग तेज, फतेहनगर के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल दो दिन चलती है, इसके नियमित होने से इलाज, व्यापार और नौकरी के लिए अहमदाबाद जाने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

कोटा-असारवा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के बाहर फतेहनगर के यात्रियों की नियमित संचालन की मांग के संदर्भ में नेमप्लेट लगी है।
फतेहनगर एवं आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों ने कोटा-असारवा एक्सप्रेस को सप्ताह में केवल दो दिन के बजाय सातों दिन संचालित करने की मांग उठाई है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन की सुविधाजनक समय-सारणी के चलते नियमित संचालन होने पर अहमदाबाद आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिल सकती है।
वर्तमान में कोटा-असारवा एक्सप्रेस सप्ताह में केवल दो दिन संचालित होती है। यह ट्रेन फतेहनगर रेलवे स्टेशन से रात करीब 10:40 बजे रवाना होकर सुबह लगभग 5:45 बजे असारवा (अहमदाबाद) पहुंचती है। इस समय-सारणी के कारण यात्री रातभर का सफर कर सुबह अहमदाबाद पहुंच सकते हैं और दिनभर में इलाज, व्यापार, नौकरी, खरीदारी सहित अपने जरूरी कार्य पूरे कर सकते हैं।
यात्रियों के अनुसार अहमदाबाद से वापसी के लिए रात में जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे यात्री रात को अहमदाबाद से रवाना होकर अगली सुबह अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। इस व्यवस्था के चलते दिन का अधिकांश समय यात्रा में व्यतीत होने के बजाय यात्री अपने आवश्यक कार्यों के लिए उपयोग कर सकते हैं।
फतेहनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक लोगों को चिकित्सा, व्यापारिक गतिविधियों, नौकरी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए नियमित रूप से अहमदाबाद जाना पड़ता है। ऐसे में कोटा-असारवा एक्सप्रेस का प्रतिदिन संचालन होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ समय और अन्य संसाधनों की भी बचत होगी।
क्षेत्र के रेल यात्रियों ने रेलवे प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए कोटा-असारवा एक्सप्रेस का सप्ताह के सभी सातों दिन संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है। यात्रियों का मानना है कि अनुकूल समय-सारणी वाली इस ट्रेन के फेरे बढ़ने से फतेहनगर सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें रेलवे प्रशासन के निर्णय पर टिकी हैं।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
