खेरवाड़ा में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और न्यायिक सहायता से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उजाला महिला संगठन की न्याय कमेटी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं को विभिन्न कानूनों, सरकारी विधिक सहायता योजनाओं और जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी मदद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

उजाला महिला संगठन के कार्यालय खेरवाड़ा में आयोजित इस बैठक का आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के तत्वावधान में किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश डॉ. जगदीश कुन्तल के निर्देशन में पीएलवी चन्दूलाल मेघवाल ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक के दौरान राजस्थान पीड़ित प्रतिकर स्कीम, महिला एवं बाल अधिकार, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को मिलने वाली सहायता, पोक्सो एक्ट, बालश्रम, बाल अपराध तथा घरेलू हिंसा की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही श्रमिकों से जुड़े मामलों और उनकी कानूनी सहायता के प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई।

महिलाओं को बताया गया कि प्री-लिटिगेशन और लंबित प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत किया जा सकता है। बैठक में राजकोप सिटीजन एप एवं नालसा पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई। साथ ही कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रावधानों और इसके लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 एवं रालसा हेल्पलाइन नंबर 9928900900 के बारे में भी बताया गया। जरूरतमंद लोगों को कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।

बैठक में उजाला संगठन की ब्लॉक समन्वयक मनीषा पटेल, एडवोकेट सूर्या दरंगा, मंजू राजपूत, आजीविका ब्यूरो उदयपुर से डिम्पल शर्मा, सूरता भणात सहित खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक की सक्रिय महिला सदस्य मौजूद रहीं। बैठक में महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ जरूरत के समय उपलब्ध विधिक सहायता के माध्यमों से भी अवगत कराया गया।

उक्त जानकारी तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा ने दी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story