खेरवाड़ा में जनहित और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने वादेश्वर हनुमान मंदिर जाने वाले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर सड़क को पुनः चौड़ा कराया। यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी (एसडीएम) शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में तहसीलदार रेवत राम भील के नेतृत्व में पुलिस जाब्ते और राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से की।

ग्रामीण सेवा शिविर खेरवाड़ा एवं बंजारिया में वाडेश्वर हनुमान मंदिर के भक्तों और ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि मंदिर जाने वाले सीसी रोड पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर सड़क को संकरा कर दिया है। इसके कारण मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, ग्रामीणों तथा बंजारिया से हाईवे की ओर आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत में यह भी बताया गया कि मार्ग संकरा होने से आमने-सामने वाहन आने पर आवागमन बाधित हो जाता था। वहीं बारिश के मौसम में दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई थी, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम शिवन्या गुप्ता के निर्देश पर तहसीलदार रेवत राम भील के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अतिक्रमण करने वालों को हिदायत देते हुए मौके पर ही अतिक्रमण हटवाया और मार्ग को चौड़ा कर आमजन के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित कराया।

कार्रवाई के बाद ग्रामीणों और मंदिर के श्रद्धालुओं ने प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है। अब श्रद्धालुओं तथा आमजन को मंदिर और हाईवे की ओर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story