खेरवाड़ा संयुक्त व्यापार महासंघ की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सांसद मद से गार्डन और लाइब्रेरी की घोषणा
खेरवाड़ा में संयुक्त व्यापार महासंघ की नई कार्यकारिणी ने शपथ ली। समारोह में सांसदों ने विकास से जुड़ी बड़ी घोषणाएं कीं और संगठन की भावी कार्ययोजना भी सामने रखी।

तस्वीर में संयुक्त व्यापार महासंघ संस्थान के नवगठित पदाधिकारी और अतिथि मंच पर खड़े होकर हाथ में शपथ पत्र लिए हुए सामूहिक रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा स्थित संयुक्त व्यापार महासंघ संस्थान की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण (शपथ ग्रहण) समारोह रविवार देर शाम श्री राम वाटिका में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में क्षेत्र के व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन अध्यक्ष अमित कलाल ने प्रस्तुत किया।
समारोह के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित कलाल सहित 21 पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उदयपुर सांसद डॉक्टर मन्नालाल रावत ने की। इस अवसर पर भाजपा देहात जिला अध्यक्ष पुष्कर तेली एवं पूर्व विधायक नानालाल अहारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर, अध्यक्ष अमित कलाल एवं संरक्षक पारस जैन भी मंचासीन रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने व्यापारिक संगठन की एकजुटता की सराहना करते हुए व्यापारियों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि सी.पी. जोशी की मौजूदगी में अध्यक्ष अमित कलाल के नेतृत्व में गठित नई कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने भी विधिवत शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही विशेष आमंत्रित कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में 13 सदस्यों को भी शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उदयपुर सांसद डॉक्टर मन्नालाल रावत ने सांसद मद से कस्बे के विकास के लिए एक गार्डन एवं लाइब्रेरी निर्माण कराने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा पर समारोह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने जनजाति विकास मंत्रालय से शमशान घाट विकास के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।
महामंत्री नरेंद्र पंचोली ने बताया कि समारोह में खेरवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों व्यापारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी सुनील राजपुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष अमित कलाल, महामंत्री नरेंद्र पंचोली, संरक्षक पारस जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल सहित वरिष्ठ सदस्यों ने अतिथियों का पगड़ी पहनाकर एवं उपर्णा ओढ़ाकर स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन की भावी कार्ययोजना पर भी प्रकाश डाला गया।
समारोह में पंचायत प्रशासक लक्ष्मी देवी अहारी, थानाधिकारी करनाराम जाट सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के पश्चात सभी अतिथियों एवं व्यापारियों के लिए स्वामी वात्सल्य (स्नेहभोज) का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने सहभागिता कर आयोजन की सराहना की। समापन से पूर्व महासंघ की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन हेमंत मेहता ने किया, जबकि आभार महामंत्री नरेंद्र पंचोली ने व्यक्त किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
