संयुक्त व्यापार महासंघ की साधारण सभा में अतिक्रमण-पार्किंग समेत व्यापारियों के मुद्दों पर मंथन
खेरवाड़ा में संयुक्त व्यापार महासंघ की साधारण सभा में वार्षिक शुल्क, हाट बाजार, अनुषंगी संगठनों की चुनावी प्रक्रिया, अतिक्रमण और पार्किंग समेत व्यापारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

तस्वीर में खेरवाड़ा के डाक बंगला परिसर में आयोजित संयुक्त व्यापार महासंघ की बैठक में उपस्थित व्यापारी और पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा। संयुक्त व्यापार महासंघ संस्थान खेरवाड़ा की साधारण सभा (जनरल बैठक) गुरुवार देर शाम डाक बंगला, खेरवाड़ा में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ अध्यक्ष अमित कलाल ने की, जबकि मंच पर महासंघ के संरक्षक पारस जैन भी उपस्थित रहे।
बैठक में संस्थान से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वार्षिक शुल्क में वृद्धि, संस्थान के आगामी कार्यक्रमों, प्रत्येक माह 15 एवं 30 तारीख को बाजार बंद रहने के कारण लगने वाले हाट बाजार तथा अनुषंगी संगठनों की संख्या कम करने जैसे मुद्दों पर व्यापारियों ने अपने सुझाव रखे। इसके साथ ही अनुषंगी संगठनों की चुनावी प्रक्रिया अक्टूबर 26 तक संपादित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
महासंघ महामंत्री नरेंद्र पंचोली ने बताया कि बैठक में खेरवाड़ा कस्बे में बढ़ते अतिक्रमण एवं पार्किंग की समस्या पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, पार्किंग की समस्या के समाधान तथा व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े अन्य विषयों पर अपने सुझाव दिए।
महासंघ पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित स्तर पर चर्चा कर उनके समाधान का प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में व्यापारियों की ओर से रखे गए विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए महासंघ की आगामी गतिविधियों और संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संयुक्त व्यापार महासंघ के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन महासंघ महामंत्री नरेंद्र पंचोली ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित व्यापारियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
