खेरवाड़ा: विकास पब्लिक स्कूल ने चलाया 'उनके घर भी दिया जले' अभियान
विद्यालय निदेशक तिलकेश जोशी ने जरूरतमंद परिवारों के घर पहुंचकर खाद्य सामग्री, दीपक और आर्थिक सहायता वितरित की।

विकास पब्लिक स्कूल के निदेशक ने जरूरतमंद परिवार के घर पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
खेरवाड़ा। दीपावली की खुशियां केवल अपने घरों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के जरूरतमंद परिवारों के आंगन भी रोशन हों, इसी उद्देश्य से विकास पब्लिक स्कूल, खेरवाड़ा की ओर से ‘उनके घर भी दिया जले’ अनूठा अभियान चलाया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यालय परिवार ने निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली मनाकर सामाजिक सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।
अभियान के तहत विद्यालय निदेशक तिलकेश जोशी ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों में चयनित जरूरतमंद परिवारों के घर पहुंचकर सूजी, आटा, घी, तेल, मिठाई, मिट्टी के दीपक और नकद राशि वितरित की। उन्होंने परिवारों के साथ बैठकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। साथ ही, परिवार के सदस्यों के हाथों घरों में दीपक प्रज्ज्वलित करवाए और भगवान एवं पूर्वजों की पूजा-अर्चना भी करवाई। विद्यालय की इस आत्मीय पहल से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।
निदेशक तिलकेश जोशी ने कहा कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ भी त्योहार की खुशियां बांटी जाएं। उनके साथ बैठकर मिठाई खाना, घरों में दीप जलाना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना ही मानवीय संवेदनाओं का सच्चा प्रतीक है।
जोशी के नेतृत्व में थोबावाड़ा, खोकादरा, कंडाल, कनबई एवं सरेरा क्षेत्र में चयनित जरूरतमंद परिवारों के साथ तीन दिवसीय दीपावली उत्सव मनाया जा रहा है। इस अभियान के जरिए विद्यालय ने सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश की है। पहल ने यह संदेश दिया कि दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार के घर में भी खुशियों और उम्मीदों का दीप प्रज्ज्वलित हो।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
