खेरवाड़ा में वीबी-जी रामजी योजना का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी गारंटी
खेरवाड़ा और नयागांव ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार की जानकारी दी।

खेरवाड़ा में आयोजित वीबी-जी रामजी योजना शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधि और ग्रामीण।
खेरवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित वीबी-जी रामजी योजना (विकसित भारत–रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम) के अंतर्गत गुरुवार को खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर तथा भाजपा मीडिया प्रवक्ता पारस जैन की उपस्थिति में नयागांव एवं खेरवाड़ा ब्लॉक स्तर पर योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया।
नयागांव ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत नयागांव में आयोजित हुआ, जबकि खेरवाड़ा ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत पलसिया स्थित गोदावरी गार्डन में संपन्न हुआ। दोनों कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
वक्ताओं ने बताया कि योजना का पूरा नाम विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) है। इसे केंद्र सरकार की प्रमुख ग्रामीण रोजगार योजना बताया गया। उन्होंने कहा कि यह योजना मनरेगा की जगह लागू की गई है। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के सुनिश्चित रोजगार की गारंटी प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम देशभर में प्रभावी हो चुका है। इसके प्रमुख प्रावधानों के अनुसार काम मांगने के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं होने पर सरकार द्वारा बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान किया गया है। कार्य पूर्ण होने के 15 दिनों के भीतर पारिश्रमिक का भुगतान अनिवार्य किया गया है। योजना में जल संरक्षण, टिकाऊ विकास कार्यों तथा कृषि आधारित कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
इस अवसर पर भाजपा के जिला पदाधिकारी, देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी अहारी, मंडल कार्यकारिणी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, सरपंच, उपसरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेरवाड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, नयागांव भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गा भगोरा, महामंत्री मुकेश गामोठ, भूपेंद्र पटेल एवं विक्रांत कोठारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ललित रावल, कांति लाल सालवी, रूप लाल, नाथू लाल पटेल, सूरजमल सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों एवं सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए योजना के प्रावधानों और ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सशक्तीकरण में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
