खेरवाड़ा के रानी रोड मोड़ पर जाम में फंसे विधायक फूलसिंह मीणा, दिवाली बाद तेज होगा एलिवेटेड ब्रिज निर्माण
दीपावली के बाद खेरवाड़ा में एलिवेटेड ब्रिज और हाईवे निर्माण में तेजी आएगी, जिससे रानी रोड मोड़ पर रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

लाल पगड़ी पहने विधायक फूलसिंह मीणा अन्य स्थानीय नेताओं के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा में रानी रोड मोड़ पर हाईवे पर लगने वाले जाम की समस्या से आम वाहन चालकों के साथ अब जनप्रतिनिधियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अहमदाबाद से उदयपुर जाते समय उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा भी हाईवे जाम में फंस गए। उन्हें कुछ समय तक वाहनों की कतार के बीच इंतजार करना पड़ा।
इस दौरान विधायक फूलसिंह मीणा ने हाईवे निर्माण कार्य की स्थिति को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए फिलहाल हाईवे निर्माण कार्य की गति थोड़ी धीमी रखी गई है। दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद निर्माण कार्य दोबारा तेज गति से शुरू किया जाएगा। इस दौरान भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल भी उनके साथ मौजूद रहे। विधायक की ओर से दी गई यह जानकारी समाजसेवी शिव कुमार जोशी ने साझा की।
उल्लेखनीय है कि खेरवाड़ा के रानी रोड मोड़ पर आए दिन लगने वाले जाम के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लंबे समय तक वाहनों की कतारें लगी रहने से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित होता है। जाम की समस्या का असर आसपास के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों पर भी पड़ रहा है। उन्हें ध्वनि और वायु प्रदूषण की परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
ऐसे में दीपावली के बाद एलिवेटेड ब्रिज सहित हाईवे निर्माण कार्य में तेजी आने की जानकारी से क्षेत्रवासियों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। अब निर्माण कार्य की रफ्तार बढ़ने के बाद रानी रोड मोड़ पर रोजाना लगने वाले जाम से कितनी राहत मिलती है, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर रहेगी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
