खेरवाड़ा के जयप्रकाश नगर में हाल ही में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना ने पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। इस गंभीर वारदात के विरोध में समस्त पंच डांगी-पटेल समाज, खेरवाड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर को ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की पुरजोर मांग की है। समाज की ओर से स्पष्ट किया गया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी न होने से आमजन में भारी रोष और चिंता व्याप्त है।

समाज के अध्यक्ष कुरी चन्द पटेल और महा सचिव गौतम लाल पटेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वागड़ क्षेत्र के अधिकांश युवा रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों या विदेशों में कार्यरत हैं, जिसके चलते गांवों और कस्बों के अनेक घरों में महिलाएं और बच्चे अकेले रहते हैं। इस परिस्थिति में सुरक्षा का अभाव लोगों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। व्यापारी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और आम लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही, नगर में व्यापार और नौकरी के सिलसिले में बाहरी लोगों का प्रतिदिन भारी आवागमन रहता है, जिससे मुख्य मार्गों पर लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाओं का अंदेशा भी बना हुआ है।

समाज ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया जाए। ज्ञापन में जोर दिया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो ताकि दोषियों को जल्द पकड़ा जा सके। इसके अलावा, खेरवाड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था को अनिवार्य करने की मांग की गई है। डांगी-पटेल समाज ने विश्वास जताया है कि पुलिस प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कदम उठाएगा, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके और प्रशासन के प्रति नागरिकों का भरोसा कायम रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story