खेरवाड़ा में दो मकानों से लाखों की चोरी, चोरों ने बाहर से लगाई कुंडी
उदयपुर के खेरवाड़ा स्थित जयप्रकाश नगर में अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया।

तस्वीर में चोरी के बाद घर के अंदर बिखरा हुआ सामान दिखाई दे रहा है, जहां खुली हुई अलमारी और फर्श पर खुला हुआ अटैची बॉक्स और डिब्बे पड़े हैं।
कस्बे के निचला खेरवाड़ा स्थित जयप्रकाश नगर में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात दो मकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। चोरी से हुए भारी नुकसान के सदमे में एक महिला बेसुध हो गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता और आक्रोश बढ़ा दिया है।
पीड़िता मधुलता पत्नी हीरालाल ने खेरवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पति कुछ दिन पूर्व रोजगार के सिलसिले में कुवैत गए हुए हैं। घर में वह और उनका छोटा बेटा ही रहते हैं। मंगलवार रात अज्ञात चोर घर में घुस गए और करीब एक लाख रुपये नकद, लगभग 50 तोला चांदी, आठ जोड़ी सोने के कान के आभूषण, छह सोने की बंगड़ी, एक मंगलसूत्र, तीन अंगूठियां, एक बाजूबंद, दो हार, नाक के चार कांटे सहित अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ले गए।
इसी प्रकार पड़ोसी बंशीलाल पुत्र लाल पटेल ने भी थाने में मामला दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि देर रात चोर मकान के पिछवाड़े की खिड़की तोड़कर घर में घुसे और 20 हजार रुपये नकद, चांदी की दो जोड़ी पायल, बच्चों के सोने के दो जोड़ी कड़े, बच्चों की सात जोड़ी पायल, नाक के दो कांटे सहित अन्य आभूषण चोरी कर ले गए।
वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने आसपास के मकानों की बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि किसी के जागने पर भी वे बाहर नहीं निकल सकें और चोरी में कोई बाधा उत्पन्न न हो। एक ही रात में दो परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान होने से क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश व्याप्त है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व कस्बे के सर्विस रोड स्थित भाग्योदय होटल में भी चोरों ने पीछे से सेंध लगाकर करीब 20 से 25 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान चोरी कर लिया था। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी करणाराम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है तथा मामले का शीघ्र खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना ने खेरवाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन में भय का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
