खेरवाड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुन्दरा में विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बुधवार को बाल संसद का गठन किया गया। प्रधानाचार्य कमला शंकर दरंगा के निर्देशन एवं विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति में लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से बाल संसद का शांतिपूर्ण और सफल आयोजन संपन्न हुआ।

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाल संसद के विभिन्न पदों पर विद्यार्थियों का चयन किया गया। इसमें अंजली डामोर को प्रधानमंत्री, प्रियंका डामोर को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य मंत्री, दिलखुश डामोर को जल एवं पर्यावरण मंत्री, अर्पिता कटारा को सांस्कृतिक मंत्री, प्रियंका मीणा को शिक्षा मंत्री, रोहित कटारा को खेल मंत्री, मितान्स व्यास को बागवानी मंत्री तथा शिवांसी अहारी को पोषाहार मंत्री चुना गया।

प्रधानाचार्य कमला शंकर दरंगा ने नवनिर्वाचित बाल संसद के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में विद्यालय परिवार और समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संजय पटेल, रजनीश जैन और रमेश कुमार प्रभारी रहे, जबकि संचालनकर्ता की जिम्मेदारी नरेंद्र कुमार कलाल ने निभाई। उक्त जानकारी प्राध्यापक खूबचंद जैन ने प्रदान की। विद्यालय स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम का संचालन किया गया और पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तथा निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई। यह आयोजन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति जागरूकता और नेतृत्व कौशल विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story