खेरवाड़ा के सुन्दरा में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित, स्वास्थ्य जांच से लेकर राजस्व कार्यों का मौके पर हुआ निस्तारण
खेरवाड़ा के सुन्दरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में स्वास्थ्य जांच, राजस्व कार्य, पशु उपचार और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिला।

ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम की तस्वीर में उपस्थित अधिकारी और अतिथि एक महिला लाभार्थी को प्रमाण पत्र सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा में राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत सुन्दरा में शुक्रवार को ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन उपखण्ड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में पूर्व विधायक नानालाल अहारी के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर की अध्यक्षता में किया गया। शिविर का अवलोकन मुख्यमंत्री कार्यालय की प्रतिनिधि लक्ष्मी शर्मा ने किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के अंतर्गत 9 नामांतरण, 2 शुद्धिकरण, 2 सीमाज्ञान, फार्मर रजिस्ट्री, 3 पेंशन सत्यापन, 2 पालनहार योजना के प्रकरण तथा स्वामित्व योजना से संबंधित कार्यों का निस्तारण किया गया। नवीन पेंशन स्वीकृति का कोई प्रकरण प्राप्त नहीं हुआ।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 106 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि आयुर्वेद विभाग की ओपीडी में 26 मरीजों का उपचार किया गया। पशुपालन विभाग ने 18 पशुओं का मंगला पशु बीमा किया तथा 47 पशुओं का उपचार कर पशुपालकों को लाभान्वित किया। शिविर के दौरान अतिथियों ने पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की प्रशासक सुप्रिया मीणा, विकास अधिकारी मदन लाल लोहार, तहसीलदार रेवत राम, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण मीणा, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश पटेल, सहायक विकास अधिकारी, उप सरपंच शशिकांत, ग्राम विकास अधिकारी महेश, समाजसेवी राजू भगोरा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करते हुए आमजन से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समाधान पत्र भी सौंपे गए। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों के प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
