अजनबियों से सावधान! खेरवाड़ा में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव का संदेश
खेरवाड़ा में विद्यार्थियों को अजनबियों से सावधान रहने, साइबर अपराध से बचने और बाल सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी गई।

तस्वीर में विद्यार्थी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वागपुर के प्रांगण में बैठे दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उदयपुर के तत्वावधान में तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा द्वारा रालसा के परिवर्तनकारी मंगलवार अभियान के तहत “अजनबी से सावधान, मना करो, दूर जाओ, बताओ” थीम पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, खेरवाड़ा के पीठासीन अधिकारी जगदीश कुंतल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वागपुर तथा एसीजेएम प्रवीण चौधरी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झूंथरी में विद्यार्थियों को बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, बच्चों के विरुद्ध अपराध एवं सुरक्षा प्रावधान, साइबर अपराध से बचाव तथा शिक्षा के महत्व की सरल भाषा में जानकारी दी।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन एवं मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूरी बनाए रखने, अजनबियों से सावधान रहने और अपनी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बच्चों को अपराध से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा संबंधित सहायता केंद्र को सूचना देने की समझाइश दी।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को पेम्पलेट वितरित कर नालसा हेल्पलाइन 15100, रालसा हेल्पलाइन 9828900900 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में विद्यालय स्टाफ की उपस्थिति रही।
उक्त जानकारी तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा ने दी। जागरूकता शिविर में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
