खेरवाड़ा के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारियां अंतिम दौर में
मंदिर परिसर में सजावट और व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं, 4 सितंबर को सुबह 5 बजे से दर्शन शुरू होंगे।

खेरवाड़ा के बीस दुकान स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार, 4 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन, आकर्षक लाइट डेकोरेशन और बैठक व्यवस्था सहित अन्य तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं।
मंदिर के पुजारी कैलाश जोशी ने बताया कि श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए 4 सितंबर को सुबह 5 बजे ही मंदिर के पट खोल दिए जाएंगे। भगवान श्री कृष्ण के लिए आकर्षक झूला भी तैयार किया गया है। श्रद्धालुओं को शिव पूजा के साथ श्री कृष्ण के दर्शन का लाभ मिलेगा।
दिनभर दर्शन के बाद रात्रि 8 बजे महाआरती होगी। इसके बाद दर्शनार्थियों को प्रसाद के रूप में पंजरी, पंचामृत और फल वितरित किए जाएंगे। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। रात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का अभिषेक और आरती की जाएगी। इसी के साथ जन्माष्टमी महोत्सव का समापन होगा।
महोत्सव के आयोजन में बीस दुकान, स्वास्तिक कॉलोनी और हरिओम कॉलोनी के भक्तों का तन-मन-धन से भरपूर सहयोग मिल रहा है। मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर चल रही तैयारियों के बीच 4 सितंबर को दिनभर दर्शन, महाआरती, प्रसाद वितरण, भजन-कीर्तन और मध्यरात्रि अभिषेक-आरती के साथ महोत्सव धार्मिक श्रद्धा के बीच संपन्न होगा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
