खेरवाड़ा स्थित श्री ठाकुरजी मंदिर चौक के प्राचीन श्री बाल हनुमान श्री पंचमुखी महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए बुधवार को द्वितीय शिला पूजन समारोह श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। महंत प्रमोद शरण शास्त्री एवं अन्य साधु-संतों के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आचार्य हेमेंद्र उपाध्याय तथा सह आचार्य नीलेश जोशी के मुखारविंद से वैदिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मंदिर विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में नगर के अनेक श्रद्धालुओं एवं यजमान परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मंदिर निर्माण कार्य में अपना सहयोग समर्पित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे दीप प्रज्वलन एवं गणपति स्थापना के साथ हुआ। इसके बाद वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में हवन, शिला पूजन, महाआरती तथा पूर्णाहुति का आयोजन किया गया। दोपहर 12:15 बजे महाप्रसाद का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

मंदिर विकास समिति ने बताया कि मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार के उद्देश्य से आयोजित द्वितीय शिला पूजन समारोह में विभिन्न 14 यजमान परिवारों ने श्रद्धा और समर्पण भाव से सहभागिता निभाई। समिति की ओर से यजमानों को पूर्व सूचना देकर पूजन में सम्मिलित कराया गया तथा समस्त पूजन सामग्री, आवश्यक संसाधनों और आचार्य व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। सभी यजमान परिवार पारंपरिक वेशभूषा में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुरूप पूजन में शामिल हुए।

समिति के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर निर्माण में सहयोग राशि किस्तों में जमा कराने की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक यजमान को मंदिर परिसर में निर्धारित स्थान आवंटित कर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता का अवसर प्रदान किया जा रहा है। मंदिर विकास समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी यजमानों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी धार्मिक आयोजनों में भी इसी प्रकार सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story