खेरवाड़ा के शांतिनाथ दिगंबर जैन जिनालय में 28-29 नवंबर को होगा भव्य प्रतिष्ठापना महोत्सव, दो दिन होंगे धार्मिक अनुष्ठान
पंडित सुधीर मार्तंड के सानिध्य में ध्वजारोहण, महाभिषेक, विश्वशांति महायज्ञ, गर्भगृह लोकार्पण और सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी।

खेरवाड़ा के शांतिनाथ जैन मंदिर में 28 और 29 नवंबर को प्रतिष्ठापना महोत्सव के तहत अनुष्ठान होंगे।
खेरवाड़ा के तहसील रोड स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन जिनालय में 28 एवं 29 नवंबर 2026 को दो दिवसीय प्रतिष्ठापना महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान ध्वजारोहण, जिनेंद्र अर्चना, मंदिर शुद्धि, महाभिषेक और विश्वशांति महायज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। आयोजन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पंडित सुधीर मार्तंड ऋषभदेव (राज.) के सानिध्य में होगा।
समाज अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी एवं महामंत्री भूपेंद्र जैन ने बताया कि प्रतिष्ठापना महोत्सव के प्रथम दिन 28 नवंबर, शनिवार को प्रातः 7:30 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रातः 8:25 बजे ध्वजारोहण, उद्घाटन एवं मंदिर शुद्धि का कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रातः 9 बजे विधि मंडप में श्रीजी स्थापना और नित्य महाभिषेक किया जाएगा।
इसी क्रम में प्रातः 10 बजे इंद्र प्रतिष्ठापना, मंडप प्रतिष्ठापना, जिनेंद्र अर्चना एवं वास्तु विधान के धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। दिनभर के धार्मिक आयोजनों के बाद रात्रि 7:30 बजे शानू एंड पार्टी महुवा की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
महोत्सव के दूसरे दिन 29 नवंबर, रविवार को प्रातः 7:30 बजे नित्य महाभिषेक, जिनेंद्र अर्चना, ध्वज दंड प्रतिष्ठापना एवं आकार शुद्धि-अधिष्ठापना के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे विश्वशांति महायज्ञ, ध्वजादंड रोहण एवं मंदिर गर्भगृह का लोकार्पण किया जाएगा।
दूसरे दिन के आयोजनों की अगली कड़ी में दोपहर 12:15 बजे नवस्तूप लोकार्पण एवं रक्षकदेव स्थापना का कार्यक्रम आयोजित होगा। महोत्सव के दौरान समाज के विभिन्न परिवार धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाएंगे।
समाज पदाधिकारियों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं से दो दिवसीय प्रतिष्ठापना महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाने और धर्मलाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
