महावीर कॉलोनी स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन चैत्यालय में प्रतिष्ठा महोत्सव की 11वीं वर्षगांठ श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर गुरुदेव शैल नंदी महाराज के सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म प्रभावना और विश्व शांति की मंगल कामना की।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातः भगवान के अभिषेक एवं गुरुवर के श्रीमुख से संपन्न हुई शांतिधारा के साथ हुआ। शांतिधारा की बोली का लाभ कमला देवी एवं गजेंद्र कुमार जैन ने प्राप्त किया, जबकि पंचामृत अभिषेक का सौभाग्य सुभाष चंद्र डिंपल दोषी परिवार को मिला। इस दौरान गुरुदेव शैल नंदी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, शांति और आत्मकल्याण का संदेश देते हुए समाजजनों को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शांति विधान पापों के क्षय, मनोकामनाओं की पूर्ति तथा विश्व में सुख-शांति और सद्भाव की स्थापना के लिए समर्पित एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है।

इसके पश्चात विधानाचार्य जयेश शाह के निर्देशन में मंदिर के पुजारी पंडित मोहन लाल के सहयोग से श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत शांति विधान का आयोजन किया गया। विधान के दौरान भगवान को अर्घ्य समर्पित कर समाजजनों ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि और धर्म प्रभावना की मंगल कामनाएं कीं।

वर्षगांठ समारोह से पूर्व सायंकाल समाज के महिला-पुरुष एवं युवाओं ने स्वस्तिक कॉलोनी पहुंचकर गुरुदेव शैल नंदी महाराज की अगवानी की। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पाद प्रक्षालन कर महाराजश्री का महावीर कॉलोनी तक मंगल प्रवेश कराया, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक वातावरण से सराबोर हो उठा।

धार्मिक आयोजन में महावीर कॉलोनी सहित खेरवाड़ा कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से सकल दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। शांति विधान की पूर्णाहुति के बाद समाजजनों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसादी ग्रहण की। समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने प्रतिष्ठा महोत्सव की वर्षगांठ पर शुभकामनाएं देते हुए धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर रंजन जैन, प्रकाश चंद्र पंचोली, रोशन लाल नागदा, राजमल नागदा, भूपेंद्र भगोरिया, राजेश शाह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story