खैरवाड़ा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्राचीन दुर्ग स्थित श्री रूद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ में भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। महंत भारत भूषण महाराज के सानिध्य में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का अत्यंत आकर्षक एवं मनमोहक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान विष्णु के पूर्णावतार श्रीकृष्ण का यह अलौकिक रूप दर्शनार्थ उमड़े भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वैदिक विधि-विधान से षोडशोपचार पूजा-अर्चना संपन्न की गई। आराध्य को तुलसी दल के साथ ही ऋतुफल आम का विशेष भोग अर्पित किया गया। भक्ति के इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने घी के दीपक और धूप प्रज्वलित कर ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्रोच्चार के साथ आरती की। इसके पश्चात महंत भारत भूषण महाराज के नेतृत्व में उपस्थित भक्तों ने “इतना तो करना स्वामी, जब प्राण तन से निकले, गोविन्द नाम लेकर फिर प्राण तन से निकले...” भक्ति प्रार्थना का सामूहिक गायन किया, जिससे संपूर्ण दुर्ग परिसर का वातावरण भक्तिमय और गुंजायमान हो गया।

कार्यक्रम में शक्तिपीठ के संरक्षक पं. कृष्ण गोपाल जोशी, लावण्य जोशी और नवीना जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अलसुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लग गया, जिससे पूरा क्षेत्र श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। इस आयोजन ने पुरुषोत्तम मास की महिमा को सिद्ध करते हुए क्षेत्र में सनातन संस्कृति के प्रति अटूट आस्था को पुनर्जीवित किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story