खेरवाड़ा में महिला अधिकारिता विभाग की साथिनों ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर निदेशालय महिला अधिकारिता द्वारा 22 जुलाई 2026 को जारी आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग की। साथिनों ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत साथिनें वर्षों से महिला सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, जनजागरूकता एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत कार्यालय में साथिनों के बैठने तथा बैठक आयोजित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हाल ही में जारी आदेश के माध्यम से बैठकों का मुख्यालय आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित कर दिया गया है। साथिनों का कहना है कि इससे उनकी स्वतंत्र विभागीय पहचान और कार्यप्रणाली प्रभावित होगी।

साथिनों ने मांग की कि 22 जुलाई 2026 के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए तथा ग्राम पंचायत कार्यालय में बैठने और बैठक की व्यवस्था पूर्ववत सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही साथिनों की विभागीय पहचान, गरिमा एवं कार्यक्षेत्र की सुरक्षा के लिए स्पष्ट शासनादेश जारी करने, मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, लंबे समय से कार्यरत साथिनों के नियमितीकरण अथवा स्थायी सेवा नीति बनाने तथा विभागीय कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक संसाधन और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर की साथिनें लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विभाग की होगी। ज्ञापन प्रस्तुत करने के दौरान खेरवाड़ा ब्लॉक की अध्यक्ष ललिता सालवी, सचिव छाया, गबन, कनक लता, ममता सहित कई साथिन मौजूद रहीं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story