खेरवाड़ा के वादेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में देवल इकाई के गठन के साथ ही समाज की केंद्रीय कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पगड़ी, माला एवं उपरणा पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, शिक्षा के प्रसार, संगठन की मजबूती और सामाजिक कुरीतियों के पूर्ण उन्मूलन के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

समारोह में केंद्रीय कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राकेश मोडासा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश कलाल (भोमटावाड़ा), उपाध्यक्ष आशीष आनंद (एम.बी. ग्रुप), देवगामड़ा इकाई प्रमुख वाडीलाल कलाल, इकाई प्रमुख केतन मोडासा, पंकज एवं नवनिर्वाचित देवल इकाई प्रमुख रमेश माण्डवा का पारंपरिक रूप से सम्मान किया गया। इस दौरान पूर्व इकाई प्रमुख अरविंद देवल, पूर्व संरक्षक मणिलाल और रविंद्र जोधावत सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और समाज की एकता, संगठन की सुदृढ़ता तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया।

केंद्रीय अध्यक्ष राकेश मोडासा ने अपने संबोधन में विश्वास दिलाया कि समाज द्वारा सौंपे गए दायित्व का वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कुरीतियों के खात्मे, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और शिक्षा व सेवा कार्यों को नई दिशा प्रदान करने का अपना संकल्प दोहराया। वहीं, पिछले 28 वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश कलाल ने संगठन के सर्वांगीण विकास और युवा पीढ़ी के मार्गदर्शन के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही और सभी समाजबंधुओं से समाजहित में योगदान देने का आह्वान किया।

इस बैठक में देवल, गामड़ी देवल, खेरवाड़ा, रामपुर, घुंघरा, सुंदरपुर, खानमीन, कंडाल, बरणा, माण्डवा एवं बलेवड़ी सहित विभिन्न इकाइयों से बड़ी संख्या में समाजबंधु सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन अमृतलाल द्वारा किया गया, जबकि रमेश जोधावत ने सभी अतिथियों और उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस समारोह में पदाधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में समाज के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story