खेरवाड़ा में प्रशासन की संवेदनशील पहल: वृद्धा जमकू देवी को घर पर ही मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति
खेरवाड़ा के कारछा कला गांव में प्रशासन की अनोखी पहल ने सबको चौंका दिया, जब वृद्धा जमकू देवी के घर पहुंचकर अधिकारियों ने तुरंत पेंशन प्रक्रिया पूरी कर स्वीकृति जारी कर दी। ग्रामीण सेवा शिविर में दिखी संवेदनशीलता की मिसाल।

खेरवाड़ा की कारछा कला पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान बुजुर्ग महिला जमकू देवी के निवास पर जन आधार ई-केवाईसी एवं पेंशन सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करते प्रशासनिक अधिकारी।
खेरवाड़ा, पंचायत समिति खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत कारछा कला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक उल्लेखनीय उदाहरण सामने आया, जहां एक वृद्ध महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ मौके पर ही प्रदान कर दिया गया।
शिविर के दौरान यह जानकारी सामने आई कि ग्राम निवासी जमकू देवी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए पूर्णतः पात्र हैं, किंतु वृद्धावस्था और शारीरिक असमर्थता के कारण वह शिविर स्थल तक पहुंचने में असमर्थ थीं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शिविर प्रभारी एवं एसडीएम जय सिंह के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने त्वरित पहल की।
समाज कल्याण विभाग के विशाल जोशी तथा ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी नारायण लाल पटेल ने मौके पर पहुंचकर वृद्धा के निवास पर ही जन आधार ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण की और पेंशन आवेदन को आगे बढ़ाया। इसके पश्चात तहसीलदार रेवत राम के माध्यम से आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
प्रशासनिक समन्वय और त्वरित कार्यवाही के तहत बीडीओ मदन लाल लोहार के सहयोग से पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया को उसी समय अंतिम रूप दे दिया गया। इस दौरान शिविर सह प्रभारी एडीओ लक्ष्मण लाल मीणा एवं ग्राम पंचायत की वीडीओ सोनल आहारी भी मौजूद रहे।
पेंशन स्वीकृत होने पर जमकू देवी एवं उनके परिजनों ने राज्य सरकार, पंचायत प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से मिली इस त्वरित सुविधा ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली की प्रभावशीलता और संवेदनशील सेवा भावना को एक बार फिर रेखांकित किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
