खैरवाड़ा के प्राचीन दुर्ग स्थित श्री रूद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर महंत भारत भूषण एवं गुरुदेव कृष्णगोपाल जोशी का शिष्यों एवं श्रद्धालुओं ने विधिवत गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं गुरु वंदना के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। भक्तों ने माला, पगड़ी, उपरणा, माता की चुनरी, पुष्प, वस्त्र एवं यथाशक्ति दक्षिणा अर्पित कर अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर “अज्ञानतिमिरान्धस्य ज्ञानाञ्जनशलाकया...”, “हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहिं ठौर” तथा “अखण्डमण्डलाकारं व्याप्तं येन चराचरम्...” सहित गुरु महिमा से जुड़े भजनों एवं श्लोकों का भावपूर्ण गायन किया गया।

अपने आशीर्वचन में पीठाधीश्वर महंत भारत भूषण ने कहा कि गुरु का सान्निध्य मनुष्य को जीवन के प्रत्येक कठिन मोड़ पर सही मार्ग और सही निर्णय लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति आध्यात्मिक एवं सामाजिक जीवन में सफलता प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अलसुबह से ही शक्तिपीठ में शिष्य एवं भक्तों की आवाजाही बनी रही, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा। आयोजन श्रद्धा, गुरु भक्ति और आध्यात्मिक आस्था के वातावरण में संपन्न हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story