खेरवाड़ा में सड़क हादसे में युवक की मौत, दो बच्चे घायल
खेरवाड़ा के एडवा के पास एक अज्ञात ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें सवार तीन लोग दुर्घटना का शिकार हो गए।

सड़क पर गिरी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और अस्पताल में भर्ती घायल बच्चे।
खेरवाड़ा। थाना क्षेत्र खेरवाड़ा के एडवा (चित्तौडा गांव) के पास गुरुवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
थानाधिकारी करणाराम जाट के निर्देशन में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस टीम को टेलीफोन के माध्यम से एडवा के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक दिग्विजय सिंह, बंशी लाल, हैड कांस्टेबल सूर्य सिंह सहित पुलिस जाब्ता तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार असरीवाड़ा निवासी नरेश कुमार (19) पुत्र वीरचंद डामोर अपनी मोटरसाइकिल पर डैनी (12) पुत्र जितेंद्र डामोर एवं खुशी डामोर (10) पुत्री जितेंद्र डामोर निवासी असारीवाड़ा के साथ मॉडर्न स्कूल छानी से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नयागांव की ओर से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में नरेश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि डैनी और खुशी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस से एमबी हॉस्पिटल उदयपुर रेफर किया गया। मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार घटना स्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
