खेरवाड़ा में ईको कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा घायल
खेरवाड़ा मार्ग पर कार की टक्कर से महिला की मौत हो गई, जबकि हेलमेट पहने होने के कारण बाइक चला रहा बेटा सुरक्षित बच गया।

खेरवाड़ा मार्ग पर हुए सड़क हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर जमा हुए स्थानीय लोग।
खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के छाणी-चितौड़ा-खेरवाड़ा मार्ग पर सोमवार को ईको कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उनका 19 वर्षीय बेटा घायल हो गया। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, हेलमेट पहने होने के कारण बेटे को गंभीर चोट नहीं आई और प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारोली फला भुवाल निवासी राकेश (19) अपनी मां गंगा देवी (40) को बाइक पर बैठाकर चितौड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आई ईको कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
दुर्घटना में गंगा देवी के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। बाइक चला रहे राकेश ने हेलमेट पहन रखा था। इसके चलते उसे गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलने पर थाना अधिकारी मनमंथ आढ़ा के निर्देशन में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मृतका के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेरवाड़ा की मोर्चरी में रखवाया। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
