खेरवाड़ा के ऋषभदेव में दिनदहाड़े सूने मकान में लाखों की चोरी, नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश
खेरवाड़ा के ऋषभदेव में दिनदहाड़े सूने मकान से 62,500 रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच में जुटी है।

तस्वीर में खेरवाड़ा के ऋषभदेव स्थित मकान के कमरे में बिखरा हुआ सामान और खुली अलमारी दिखाई दे रही है।
खेरवाड़ा के ऋषभदेव कस्बे के आदर्श नगर क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श नगर, हाई स्कूल के पीछे स्थित तृप्ति शर्मा पुत्री मोहनलाल शर्मा के मकान में दोपहर के समय कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और घर में रखी 62,500 रुपये की नकदी, करीब 15 ग्राम सोने के आभूषण तथा लगभग 100 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
शाम को जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी एवं अन्य सामान खंगाला हुआ देखकर चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद तत्काल ऋषभदेव पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित पक्ष ने गुरुवार सुबह ऋषभदेव थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्याप्त है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
