रक्षाबंधन पर रविवार को भी खेरवाड़ा डाकघर में राखी बुकिंग, सैनिकों के लिए विशेष सुविधा
रक्षाबंधन पर खेरवाड़ा डाकघर में 23 अगस्त को विशेष राखी बुकिंग काउंटर खुलेगा, सैनिकों के लिए सुविधा और 10% विशेष छूट मिलेगी।

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने आमजन की सुविधा के लिए 23 अगस्त 2026, रविवार को भी खेरवाड़ा उपडाकघर में विशेष राखी बुकिंग काउंटर संचालित करने का निर्णय लिया है। इस काउंटर पर दोपहर 3 बजे तक राखी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
पोस्टमास्टर रमेश कुमार मेघवाल ने बताया कि विशेष काउंटर के माध्यम से देश की सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए 56 एपीओ के नाम से राखी बुक करवाई जा सकेगी। इसके अलावा निजी पते तथा देश के विभिन्न स्थानों पर तैनात सैनिकों के नाम भी राखी भेजी जा सकती है।
रक्षाबंधन के अवसर पर राखी मेल की बुकिंग पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दी जाएगी। राखी को सुरक्षित भेजने के लिए डाकघर में विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे भी उपलब्ध करवाए गए हैं।
अवकाश के दिन भी विशेष बुकिंग काउंटर शुरू करने का उद्देश्य बहनों की राखियां समय पर देश की रक्षा में तैनात सैनिक भाइयों तक पहुंचाना है। डाक विभाग ने आमजन से अपील की है कि इस सुविधा का लाभ उठाकर समय पर राखी बुक करवाएं।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
