विशेष अभियान में खेरवाड़ा पुलिस की सख्ती, 11 चालान काटकर वसूला ₹4700 जुर्माना
विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के 11 चालान बनाकर 4700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 1 जून से 30 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के तहत खेरवाड़ा पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 11 चालान बनाए और ₹4700 का जुर्माना वसूल किया।
वाहनों में अवैध परिवर्तन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा पंजीयन चिन्ह की दृश्यता प्रभावित करने वाले अनधिकृत शब्दों, चिन्हों और लेखन के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान के तहत खेरवाड़ा थाना पुलिस ने थानाधिकारी करनाराम जाट के निर्देशन में सघन जांच अभियान संचालित किया।
जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले तीन चालकों, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले एक वाहन चालक तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले सात वाहन चालकों के चालान बनाए गए। इस कार्रवाई में कुल 11 चालानों के माध्यम से ₹4700 का शमन शुल्क वसूल किया गया।
थानाधिकारी करनाराम जाट ने बताया कि विशेष अभियान माह के अंत तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहनों में अवैध परिवर्तन नहीं कराने तथा अनाधिकृत उपकरणों के उपयोग से बचने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
