खेरवाड़ा चोरी मामले के जल्द खुलासे की मांग तेज, पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने थानाधिकारी से की मुलाकात
खेरवाड़ा के जयप्रकाश नगर में हुई चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे की मांग को लेकर पूर्व विधायक नानालाल अहारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा से मुलाकात की। पुलिस ने जल्द कार्रवाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिया।

तस्वीर में खेरवाड़ा थाने में पूर्व विधायक नानालाल अहारी के नेतृत्व में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों का प्रतिनिधिमंडल दिख रहा है।
खेरवाड़ा कस्बे के जयप्रकाश नगर में हुई चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को पूर्व विधायक नानालाल अहारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने खेरवाड़ा थाने पहुंचकर नव नियुक्त थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं एवं बधाई भी दी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने थानाधिकारी के समक्ष जयप्रकाश नगर में हुई चोरी की वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कस्बे में तेज रफ्तार एवं मॉडिफाइड बाइक चलाकर उत्पात मचाने वाले बाइक सवारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की, ताकि आमजन को राहत मिल सके और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश पटेल, ग्राम पंचायत खेरवाड़ा की प्रशासक लक्ष्मी देवी अहारी, भाजपा जनजाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी शंकर लाल खराड़ी, भाजपा मंडल महामंत्री भूपेंद्र पटेल, समाजसेवी बजरंग लाल अग्रवाल एवं विमल कोठारी, भाजपा नेता पारस जैन एवं प्रमोद अग्रवाल, उप सरपंच विक्रांत कोठारी, पीड़ित परिवार से दिता लाल पटेल, पीड़िता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
थानाधिकारी मनमंथ आढा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि चोरी की घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम गंभीरता से कार्य कर रही है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने भी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की अपेक्षा जताई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
