खेरवाड़ा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, बावलवाड़ा में नव पदस्थापित थाना प्रभारी राम सिंह चूंडावत ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा देश में लागू नए आपराधिक कानूनों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य राकेश फड़िया एवं विद्यालय स्टाफ ने थाना प्रभारी राम सिंह चूंडावत का स्वागत किया। संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने, किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने का आग्रह भी किया।

थाना प्रभारी ने नशे के दुष्परिणामों से विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए खेल, पढ़ाई और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। महिला सुरक्षा के विषय में उन्होंने 'गुड टच-बैड टच' की जानकारी दी तथा 112 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाते हुए आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस सेवा, प्रशिक्षण और अपराधों की जांच प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल भाषा में उत्तर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने, समयबद्ध अध्ययन करने, बड़ों का सम्मान करने तथा समाज में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी राम सिंह चूंडावत ने देश में लागू नए आपराधिक कानूनों की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि कानून की जानकारी और जागरूकता से ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और कानून, सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story