खेरवाड़ा। खेरवाड़ा कस्बे से गुजर रहे नेशनल हाईवे-48 की सर्विस रोड पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार पिकअप जीप अचानक सामने आई कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे वह सड़क के बीच पलट गई। यह दुर्घटना कस्बे में वन विभाग कार्यालय के ठीक सामने घटित हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप चालक ने सामने से आई कार को टक्कर से बचाने के लिए जैसे ही वाहन को मोड़ा, संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया। अनियंत्रित पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने तत्परता दिखाई और वाहन को सीधा कर चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में चालक को केवल मामूली चोटें ही आईं और बड़ा जान-माल का नुकसान होने से टल गया।

दुर्घटना के कारण सर्विस रोड पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में स्थानीय लोगों और राहगीरों की सहायता से यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया। राहगीरों के अनुसार, यदि सड़क पर उस समय अधिक भीड़ होती तो परिणाम अधिक भयावह हो सकते थे। हालांकि, इस हादसे ने एनएच-48 की सर्विस रोड पर वाहनों की रफ्तार और सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story