25 जुलाई तक बिना सरचार्ज जमा करें पेयजल बिल, खेरवाड़ा पीएचईडी ने उपभोक्ताओं से की समय पर भुगतान की अपील
खेरवाड़ा पीएचईडी ने शहरी पेयजल योजना के तहत फरवरी–मार्च 2026 तक के जल प्रभार बिल जारी कर दिए हैं। 25 जुलाई 2026 तक बिना सरचार्ज भुगतान की सुविधा दी गई है, जबकि बकाया राशि पर ब्याज एवं शास्ति में शत-प्रतिशत छूट की योजना 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई गई है।

खेरवाड़ा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) उपखंड खेरवाड़ा द्वारा संचालित शहरी पेयजल योजना के अंतर्गत समस्त श्रेणी के उपभोक्ताओं के फरवरी–मार्च 2026 तक के जल प्रभार बिल जारी कर दिए गए हैं। विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित विस्तारित अवधि के भीतर बिल जमा कर अनावश्यक विलंब शुल्क से बचने की अपील की है।
सहायक अभियंता आलोक गरासिया ने बताया कि जारी किए गए बिलों पर अंकित अंतिम भुगतान तिथि 15 जुलाई 2026 थी, जिसे बिना विलंब भुगतान सरचार्ज के 25 जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे 25 जुलाई 2026 से पूर्व अपने जल प्रभार बिल का भुगतान कर अनावश्यक विलंब शुल्क से बचें।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को अभी तक जल प्रभार बिल प्राप्त नहीं हुए हैं, वे विभागीय कार्यालय में अपना के. नंबर उपलब्ध कराकर तत्काल बिल प्राप्त करें तथा निर्धारित तिथि से पहले उसका भुगतान सुनिश्चित करें।
सहायक अभियंता ने यह भी बताया कि जल प्रभार की बकाया राशि पर ब्याज एवं शास्ति को एकमुश्त जमा कराने पर शत-प्रतिशत छूट की योजना की अवधि 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। ऐसे उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाकर अपनी बकाया राशि का निस्तारण कर सकते हैं। विभाग ने समय पर भुगतान कर योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए उपभोक्ताओं से निर्धारित तिथि का पालन करने का आग्रह किया है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
