खेरवाड़ा में पर्यूषण पर्व का समापन, वरिष्ठ जनों और तपस्वियों का हुआ सम्मान
शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में स्वामी वात्सल्य के साथ धार्मिक भजनों का आयोजन हुआ, जिसमें समाजजनों ने तपस्वियों की अनुमोदना की।

शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में पर्यूषण पर्व के दौरान एक तपस्वी का सम्मान करते समाजजन।
खेरवाड़ा में तहसील रोड स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में पर्यूषण पर्व का समापन स्वामी वात्सल्य तथा वरिष्ठ जन एवं तपस्वी सम्मान समारोह के साथ हुआ। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से आयोजित समारोह में वरिष्ठ जनों और पर्यूषण पर्व के दौरान तप एवं आराधना करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया गया।
समारोह में समाज के वरिष्ठ जन सोहनलाल चित्तौड़ा एवं सूरज देवी भदावत का माला पहनाकर, पगड़ी धारण करवाकर, शाल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। समाजजनों ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
पर्यूषण पर्व के दौरान उपवास करने वाले तपस्वियों का भी सम्मान किया गया। दस उपवास करने वाले दीपक पंचोली, जिनेश कीकावत एवं उन्मय पंचोली, पांच उपवास करने वाले मनोज कोठारी, सुरेश चंदावत, भरत जैन एवं आशी जैन तथा तीन उपवास करने वाली अनिता कोठारी को पगड़ी व माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समाजजनों ने तपस्वियों के तप एवं आराधना की करतल ध्वनि से अनुमोदना की।
समारोह के दौरान लक्ष्मी लाल गनोडिया, लीला देवी गनोडिया, शकुंतला कोठारी, ममता कोठारी एवं प्रेम लता पंचोली ने धार्मिक भजन प्रस्तुत किए, जिससे समारोह का माहौल धर्ममय हो गया। कार्यक्रम का संचालन समाज महामंत्री भूपेंद्र कोठारी ने किया। अंत में समाज अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी ने आभार व्यक्त किया।
स्थानीय समाज की ओर से युवा परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया। युवा परिषद द्वारा पर्यूषण पर्व के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर धार्मिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग किया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
