खेरवाड़ा: उत्तम क्षमा धर्म के साथ पर्युषण पर्व शुरू, जैन मंदिरों में विशेष पूजा
खेरवाड़ा के शांतिनाथ और आदिनाथ जिनालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान का पंचामृत अभिषेक और शांतिधारा कर सुख-समृद्धि की कामना की।

तस्वीर में जैन मंदिर के अंदर वेदी के समक्ष श्रद्धालु अभिषेक और पूजा करते दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा में दिगंबर जैन समाज के महापर्व पर्युषण का शुभारंभ उत्तम क्षमा धर्म के साथ हुआ। पर्व के प्रथम दिवस खेरवाड़ा के विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों में सकल दिगंबर जैन समाज के अनुयायियों ने विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
तहसील रोड स्थित शान्तिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, सदर बाजार स्थित नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, महावीर कॉलोनी स्थित शांतिनाथ जिनालय एवं स्वास्तिक कॉलोनी स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में पर्युषण पर्व के प्रथम दिवस विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान का पंचामृत अभिषेक, शांतिधारा एवं विशेष पूजा-पाठ कर सुख-शांति और मंगल की कामना की।
महावीर कॉलोनी स्थित शांतिनाथ जिनालय में पर्युषण पर्व के प्रथम दिवस पंचामृत अभिषेक का आयोजन हुआ। अभिषेक का लाभ दिलीप मोती माला जैन करावाड़ा परिवार एवं पंचामृत अभिषेक का सौभाग्य महेंद्र कुमार-शोभना जैन परिवार ने प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधानपूर्वक भगवान का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ लिया।
खेरवाड़ा के विभिन्न दिगंबर जैन मंदिरों में दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शांतिधारा एवं अभिषेक कर विभिन्न पूजन संपन्न किए। उत्तम क्षमा धर्म के माध्यम से सभी जीवों के प्रति क्षमा, विनम्रता एवं मैत्रीभाव रखने का संदेश दिया गया। पर्युषण पर्व के आगामी दिनों में भी मंदिरों में विविध धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन होंगे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
