खेरवाड़ा, ग्राम पंचायत परेड़ा के ग्रामीणों की करीब 10 साल पुरानी सड़क की मांग पर विधायक दयाराम परमार ने सकारात्मक आश्वासन दिया। आश्रम छात्रावास कोजावाड़ा से ग्राम पंचायत परेड़ा के चौकड़ा बावसी तक जाने वाली जर्जर सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपा।

विधायक दयाराम परमार ने मौके से ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शाम तक सड़क के गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

विधायक ने कहा कि डामर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगामी बजट स्वीकृत होने के बाद निश्चित रूप से आगे बढ़ाई जाएगी। विधायक के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण की समस्या का जल्द स्थायी समाधान होगा।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पिछले करीब 10 वर्षों से अत्यंत जर्जर स्थिति में है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और बरसात का पानी भरा रहने से आवागमन में भारी परेशानी होती है। इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीण, बुजुर्ग, किसान, मरीज और गर्भवती महिलाएं आवागमन करती हैं।

ग्राम पंचायत परेड़ा से ऋषभदेव और खेरवाड़ा जाने के लिए आमजन को इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है। खराब सड़क के कारण करीब दो घंटे का सफर तय करना पड़ता है। ग्रामीणों ने विधायक से शीघ्र सड़क का डामरीकरण करवाने की मांग की।

ज्ञापन देने के दौरान हरी कुमार मीणा, इंद्र सिंह, नागेंद्र, महेश मीणा, सुरेश कुमार, थावर चंद, राजेंद्र कुमार, प्रेम चंद, गोविन्द सिंह, हरी सिंह, नरेंद्र कुमार, गोविन्द मीणा, रतन लाल, पुष्पेंद्र सिंह, जवान सिंह, नरेश कुमार, मनोहर सिंह, राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों की करीब एक दशक पुरानी मांग के बीच विधायक के निर्देश पर तत्काल गड्ढे भरने की कार्रवाई शुरू होने का आश्वासन मिला है, जबकि स्थायी डामरीकरण के लिए आगामी बजट स्वीकृति के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story