खेरवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान पद के बाद उपप्रधान पद पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत के साथ पार्टी ने दोनों प्रमुख पदों पर अपना कब्जा जमा लिया। उपप्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी ममता रोत ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांतिलाल को 5 मतों से हराकर जीत दर्ज की। इस परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

उपप्रधान पद के लिए हुए निर्वाचन में ममता रोत को कुल 11 मत मिले, जबकि उनके विपक्षी प्रत्याशी कांतिलाल को 6 मतों से संतोष करना पड़ा। इस तरह ममता रोत ने 5 मतों के अंतर से उपप्रधान पद पर जीत हासिल की। ममता रोत पंचायत समिति सदस्य का चुनाव भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीतकर आई थीं।

उल्लेखनीय है कि ममता रोत बडला के पूर्व उपसरपंच दिनेश मीणा की बहू हैं। पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय लिया था और जीत दर्ज की थी।

वहीं, उपप्रधान पद के चुनाव के दिन पूर्व उपसरपंच दिनेश मीणा और ममता रोत ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हालांकि, उपप्रधान पद के निर्वाचन में ममता रोत को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ही मैदान में उतारा गया और उन्होंने जीत हासिल की।

खेरवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के निर्वाचित होने से भारतीय जनता पार्टी ने अपना दबदबा कायम किया है। दोनों प्रमुख पद पार्टी के खाते में जाने से कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मजबूती और क्षेत्र में भाजपा के बढ़ते जनाधार का परिणाम बताया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story