खेरवाड़ा में पंचायत समिति चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, भाजपा ने कसी कमर
भाजपा के दो मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में खुले चुनाव कार्यालय से कार्यकर्ताओं में समन्वय बनाने और चुनावी रणनीति तैयार करने का कार्य होगा।

खेरवाड़ा में पंचायत समिति चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते भाजपा नेता।
खेरवाड़ा में पंचायत समिति चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा मंडल खेरवाड़ा एवं भाजपा मंडल बावलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में पंचायत समिति खेरवाड़ा क्षेत्र के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक नानालाल अहारी सहित भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खेरवाड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमन्त मेहता ने बताया कि रानी-छाणी रोड पर एक्सिस बैंक के पास स्थित चुनाव कार्यालय का उद्घाटन आचार्य प्रभा शंकर त्रिवेदी एवं सह आचार्य ओमप्रसाद व्यास के सानिध्य में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। पूर्व विधायक नानालाल अहारी एवं पूर्व प्रधान अमृत डामोर ने कार्यालय का उद्घाटन किया।
मंडल उपाध्यक्ष बदामी लाल सुथार ने बताया कि कार्यक्रम में एसटी प्रदेश मोर्चा पदाधिकारी शंकर लाल खराड़ी, देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी अहारी, मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता बजरंग लाल अग्रवाल, जिला महिला मोर्चा मंत्री नयना पंचोली और पंचायत समिति संयोजक पारस जैन उपस्थित रहे। इनके साथ भाजपा के दोनों मंडलों के पदाधिकारी, जिला परिषद प्रत्याशी सदस्य, पंचायत समिति प्रत्याशी सदस्य और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम में पंचायत समिति क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों से कार्यकर्ता पहुंचे। चुनाव कार्यालय के माध्यम से चुनाव संबंधी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और पार्टी की रणनीति के तहत आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने का कार्य किया जाएगा।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। समारोह का संचालन एवं आभार प्रदर्शन हेमंत मेहता ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बीच पंचायत समिति चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर रहा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
