खेरवाड़ा में पहाड़ा थाना प्रभारी (सीआई) राजेश मीणा का भाजपा नयागांव मंडल पदाधिकारियों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, रात्रि गश्त बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुधारने और पुलिस संसाधनों को सुदृढ़ करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में सीआई राजेश मीणा ने कहा कि पहाड़ा सर्किल के बड़े गांवों में रात्रि गश्त के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जिससे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का वातावरण बनाए रखना है।

भाजपा पदाधिकारियों ने थाणा, करावाड़ा, खराड़ीवाड़ा सहित भीड़भाड़ वाले गांवों में सड़कों पर अनियंत्रित रूप से वाहन खड़े किए जाने की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर सीआई मीणा ने यातायात नियमों की सख्ती से पालना कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बिना हेलमेट और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित चालान कार्रवाई की जाएगी।

सीआई राजेश मीणा ने पुलिस भवन में हवालात के अभाव पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने जनसहयोग से हवालात निर्माण कराने का सुझाव रखा, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने भामाशाहों से सहयोग लेकर इस दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने विद्यालयों के खुलने और छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्त का भरोसा भी दिलाया। सीआई मीणा ने बताया कि पहाड़ा थाने में स्वीकृत 29 पुलिसकर्मियों के मुकाबले वर्तमान में केवल 14 जवान ही कार्यरत हैं, जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखने में कठिनाई होती है। इस पर भाजपा मंडल पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन देकर अतिरिक्त जाप्ता उपलब्ध कराने की मांग उठाने का निर्णय लिया।

बैठक के अंत में सीआई राजेश मीणा ने सभी उपस्थित सदस्यों से राजकोप ऐप डाउनलोड कर उसका उपयोग करने का आग्रह किया, ताकि पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय और अधिक मजबूत हो सके।

इस अवसर पर भाजपा नयागांव मंडल अध्यक्ष दुर्गा देवी, महामंत्री मुकेश गामोठ, कानसिंह सिसोदिया, सीएलसी सदस्य रामप्रकाश शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष ललित रावल, साकरचंद लबाना, शक्ति सिंह, गौतम पटेल, कल्पेंद्र सिसोदिया, धूलचंद, कैलाश पटेल, हिरालाल पटेल, विनोद कुमार, सूरजमल डामोर, सरयश पटेल, कमलेश शर्मा एवं बाबूलाल पटेल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में हुई चर्चा से क्षेत्र की कानून व्यवस्था और पुलिस व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर समन्वय मजबूत करने की दिशा में प्रयास सामने आए।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story