खेरवाड़ा के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में श्री एनएस आर्चरी एकेडमी को नया सहयोग मिला है। समाजसेवी एवं भामाशाह बजरंग अग्रवाल तथा एकेडमी से जुड़े खिलाड़ियों के अभिभावकों के सहयोग से एकेडमी को अभ्यास के लिए नए आर्चरी टार्गेट उपलब्ध कराए गए हैं।

एकेडमी प्रबंधन ने बताया कि बजरंग अग्रवाल इससे पूर्व भी खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए टार्गेट एवं टार्गेट स्टैंड उपलब्ध कराकर उनका उत्साहवर्धन कर चुके हैं। उनके सतत सहयोग से खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण अभ्यास की सुविधाएं मिल रही हैं। इस बार नए टार्गेट उपलब्ध कराने में खिलाड़ियों के अभिभावकों ने भी सहयोग राशि देकर महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे सामूहिक प्रयास से अभ्यास संसाधनों में बढ़ोतरी हुई।

श्री एनएस आर्चरी एकेडमी, खेरवाड़ा में आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निःशुल्क तीरंदाजी प्रशिक्षण के साथ आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।

एकेडमी परिवार ने भामाशाह बजरंग अग्रवाल एवं सभी सहयोगी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का ऐसा सहयोग खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। साथ ही अन्य भामाशाहों एवं खेल प्रेमियों से भी खेल प्रतिभाओं के विकास में सहयोग की अपील की गई।

इस अवसर पर कोच भगवतीलाल गरासिया, सीपी अहारी, भावनेश मीणा, कांतिलाल खराड़ी एवं विनोद पटेल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। नए टार्गेट मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे और तीरंदाजी क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story