न्यू कॉलोनी में देर रात बेखौफ घूमते संदिग्ध बदमाश, सीसीटीवी में बाइक चोरी कैद
खेरवाड़ा की न्यू कॉलोनी में 7 अगस्त की देर रात भगोरा भवन के बाहर पार्किंग से पल्सर बाइक चोरी हो गई। संदिग्ध बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं। पीड़ित ने पुलिस से एफआईआर और बाइक बरामदगी की मांग की है।

तस्वीर में खेरवाड़ा की न्यू कॉलोनी की एक गली में रात के समय संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए लोग और एक आवारा कुत्ता दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा कस्बे की न्यू कॉलोनी में 7 अगस्त 2026 की देर रात बाइक चोरी की वारदात सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। न्यू कॉलोनी सीनियर स्कूल खेल मैदान के पीछे स्थित भगोरा भवन के बाहर पार्किंग से चोर एक पल्सर बाइक चोरी कर ले गए। घटना के दौरान संदिग्ध बदमाश कॉलोनी में घूमते हुए सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुए हैं।
जानकारी के अनुसार सीमलवाड़ा निवासी मनोज डामोर पुत्र रमेश चंद्र डामोर वर्तमान में खेरवाड़ा में लक्ष्मण लाल भगोरा के मकान में किराए से रहकर अध्ययन कर रहे हैं। उनकी पल्सर बाइक 7 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे से 2:20 बजे के बीच चोरी हो गई। पीड़ित के अनुसार चोर करीब 1:57 बजे बाइक लेकर फतेह टावर, रानी रोड होते हुए एनएच-48 हाईवे की तरफ जाते हुए दिखाई दिए।
पीड़ित ने अपने स्तर पर कुछ सीसीटीवी फुटेज भी एकत्र किए हैं। इस संबंध में 7 अगस्त को पुलिस प्रशासन को लिखित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर कार्रवाई का आग्रह किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश करने और बाइक बरामद करने की मांग की है।
वहीं, रात के समय कॉलोनी में संदिग्ध लोगों की आवाजाही सीसीटीवी कैमरों में कैद होने से स्थानीय निवासियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि में नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर ठोस कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
