नयागांव में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल
नयागांव के ब्राह्मण बस्ती के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

खेरवाड़ा के नयागांव में सड़क हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बाइक और मौके पर मौजूद लोग।
खेरवाड़ा। नयागांव कस्बे में सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे ब्राह्मण बस्ती के पास पिकअप और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक चालक उमेश डामोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद मृतक और घायल को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, नयागांव के निचला फला निवासी उमेश डामोर पुत्र प्रभुलाल डामोर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति और कथित लापरवाही से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे उमेश डामोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग निकला।
सूचना मिलने पर थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के निर्देशन में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से मृतक और घायल को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। इसके बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को लेकर क्षेत्र में घटना की चर्चा रही।
उल्लेखनीय है कि ब्राह्मण बस्ती के आसपास इसी स्थान पर पहले भी जानलेवा हादसा हो चुका है। पूर्व में यहां बस की टक्कर से एक वृद्ध ब्राह्मण की मौत हो गई थी। एक ही स्थान पर बार-बार दुर्घटनाएं होने से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। नयागांव में ताजा हादसे ने एक बार फिर इस स्थान पर हो रही दुर्घटनाओं की ओर ध्यान खींचा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
