खेरवाड़ा में मोहर्रम के अवसर पर निकाला गया ताजिया जुलूस
कर्बला के शहीदों की याद में खेरवाड़ा में ताजिया जुलूस निकाला गया। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सत्य और न्याय के बलिदान को याद किया।

खेरवाड़ा की गलियों में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस निकालते हुए मुस्लिम समुदाय के लोग।
खेरवाड़ा: मोहर्रम की दसवीं तारीख यानी 'आशूरा' के अवसर पर शुक्रवार को खेरवाड़ा कस्बे में हजरत इमाम हसन, इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों की पावन स्मृति में ताजिया जुलूस अत्यंत श्रद्धा और अकीदत के साथ निकाला गया। न्याय और सत्य के लिए दिए गए अद्वितीय बलिदान की याद में आयोजित इस जुलूस के दौरान पूरा वातावरण 'या हसन-या हुसैन' की सदाओं से गुंजायमान हो उठा।
जुलूस की शुरुआत पुरानी कोतवाली और सदर बाजार से हुई, जो पारंपरिक मार्गों से होता हुआ एमबीसी, निचला खेरवाड़ा, तहसील रोड और पुराने बस स्टैंड से गुजरकर हुसैनी चौक स्थित सब्जी मंडी तक पहुंचा। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कर्बला के शहीदों को नमन करते हुए उनके द्वारा अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध दिए गए बलिदान को याद किया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने हजरत पैगंबर मोहम्मद मुस्तफा के नवासे हजरत इमाम हसन, इमाम हुसैन और हजरत अब्बास के त्याग को मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत बताया और कहा कि सत्य के मार्ग पर अडिग रहने का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।
जुलूस के दौरान सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल भी देखने को मिली, जहां स्थानीय वार्ड पंच राजुभाई सोनी और विनोदभाई सोनी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई, जिसकी मुस्लिम समाज ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। जुलूस का नेतृत्व समाज के सदर मोहम्मद हनीफ, ताजिया लाइसेंसधारी आफताब मकरानी, मोहसिन पठान और नईमुद्दीन अब्बासी सहित ताजिया निर्माण समिति के विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन को संपन्न कराने के लिए मुस्लिम समाज ने विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत और स्थानीय पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। आशूरा की पूर्व संध्या पर विशेष धार्मिक आयोजनों के बाद निकाला गया यह ताजिया जुलूस बलिदान की उस गौरवशाली गाथा को जीवंत कर गया, जो सदियों से सत्य के प्रति अडिग रहने का मार्ग प्रशस्त करती है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
