खेरवाड़ा में बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई से बची बंदर की जान, करंट लगने से घायल होने के बाद टला बड़ा हादसा
खेरवाड़ा के आजाद चौक स्थित एसबीआई बैंक के समीप थ्री-फेज एलटी 420 वोल्ट विद्युत लाइन पर करंट की चपेट में आए एक बंदर की जान बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई से बच गई। समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद कर घायल बंदर को सुरक्षित बचाया गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत कर्मियों की सजगता की सराहना की।

तस्वीर में खेरवाड़ा के आजाद चौक के पास बिजली विभाग के कर्मचारी घायल बंदर की मदद करते हुए दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा उपखंड मुख्यालय स्थित आजाद चौक चौराहे पर एसबीआई बैंक के समीप सोमवार को थ्री-फेज एलटी 420 वोल्ट विद्युत लाइन पर एक बंदर चिपक जाने से करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी दशरथ को अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करवाई।
बिजली आपूर्ति बंद होते ही एफआरटी कर्मी मंगलेश्वर खराड़ी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद होने से बंदर की जान बच गई। हालांकि करंट लगने से उसके दाहिने पैर में चोट आई थी।
घायल बंदर के उपचार के लिए मंगलेश्वर खराड़ी ने पशु चिकित्सक दल को भी मौके पर बुलाया, लेकिन कुछ ही देर में बंदर की हालत में सुधार होने पर वह स्वयं वहां से जंगल की ओर भाग निकला।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सजगता की सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती तो बंदर की जान जा सकती थी। विद्युत कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
