लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुए छात्र संसद चुनाव, सनाया बारोट बनीं अध्यक्ष, विद्यार्थियों ने चुने नए प्रतिनिधि
खेरवाड़ा के स्वामी विवेकानंद गवर्नमेंट मॉडल स्कूल में छात्र संसद चुनाव लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुए, जानिए किसे मिली बड़ी जिम्मेदारी।

तस्वीर में बाएं से दाएं, विद्यालय परिसर में गले में नारंगी उपरना पहने खड़े चार नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधि।
खेरवाड़ा स्थित स्वामी विवेकानंद गवर्नमेंट मॉडल स्कूल में सत्र 2026-27 के लिए "मेरा वोट मेरी आवाज" थीम के तहत छात्र संसद चुनाव उत्साहपूर्ण और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया।
चुनाव परिणामों में सनाया बारोट छात्र संसद की प्रेसिडेंट निर्वाचित हुईं, जबकि प्रिंस डोडा वाइस प्रेसिडेंट, श्रेयांश मीणा हेड बॉय और राजवी पटेल हेड गर्ल चुने गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी विद्यार्थियों का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश रावल ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई छात्र संसद विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
चुनाव को निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में चुनाव प्रभारी राजेश कुमार तथा कार्यक्रम संयोजक ललित मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में मंजुला खराड़ी, रमेश चंद्र लोहार, आशीष मीणा, जयंतीलाल पटेल, भक्तवीर सिंह राठौड़, तनुश्री मीणा, खुशबू डेंडोर, विजय गुर्जर, बंसीलाल मीणा, सिराज शेख सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए "एक सशक्त विद्यालय, एक सशक्त राष्ट्र" का संदेश दिया। इस दौरान निर्वाचित छात्र संसद पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
