राजनीति में ईमानदारी जरूरी, बूथ मजबूत कर पंचायत चुनाव में जुटें कार्यकर्ता: डॉ. परमार
खेरवाड़ा में विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। पंचायत चुनाव से पहले हुई बैठकों में भाजपा सरकार की नीतियों और क्षेत्र के विकास पर भी सवाल उठाए।

खेरवाड़ा में विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का सरपंच भी ईमानदार व्यक्ति को ही चुना जाना चाहिए, क्योंकि ईमानदार जनप्रतिनिधि ही पंचायत क्षेत्र का समुचित विकास कर सकता है।
डॉ. परमार रविवार को उपखण्ड खेरवाड़ा की उपतहसील बावलवाड़ा क्षेत्र में कांग्रेस मंडल नवाघरा की ग्राम पंचायत मगरा, ढिकवास, कानपुर, कातरवास, भीलान बरोठी एवं नवाघरा में आयोजित बैठकों को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इन बैठकों का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पंचायत चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं से सम्पर्क के उद्देश्य से किया गया।
विधायक डॉ. परमार ने कहा कि राजनीति में ईमानदार होना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ को मजबूत करने तथा संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देश एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कांग्रेस मंडल कमेटी, पंचायत इकाई कांग्रेस कमेटी एवं बूथ कमेटियों का गठन किया गया है। सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि आगामी पंचायती राज चुनाव में वार्ड पंच से लेकर पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
डॉ. परमार ने केन्द्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों के हित में काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा में राज्य सरकार को तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ है। कई विद्यालयों के भवन जर्जर स्थिति में हैं तथा अधिकांश उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य एवं विषय अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं।
बैठक को पूर्व उपप्रधान सुन्दरलाल अहारी ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। कांग्रेस विचारधारा वाले सरपंच एवं वार्ड पंचों को विजयी बनाकर पंचायत समिति एवं जिला परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
पूर्व प्रधान पुष्पा मीणा, पूर्व अधीक्षण अभियंता विद्युत हीरालाल सालवी, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अजमाल सिंह चौहान, शान्तिलाल कसोटा, अल्पेश बोदर, कल्याण सिंह गरासिया, पूर्व पटवारी लक्ष्मीलाल खोखरिया एवं हीरालाल बोदर ने भी विचार व्यक्त किए।
बैठकों में पंचायत इकाई पदाधिकारियों ने अपने-अपने बूथ एवं पंचायत स्तर की जिम्मेदारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का भरोसा दिलाया। मगरा में पंचायत इकाई अध्यक्ष शंकरलाल बोदर, कानपुर में लालूराम खराड़ी, कातरवास में शंकरलाल डोडियार, भीलान बरोठी में शंभुसिंह गरासिया तथा नवाघरा में पुष्पा भगोरा ने अतिथियों का स्वागत किया।
बैठकों की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश मीणा ने की। विशिष्ट अतिथियों में देहात जिला कांग्रेस महिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान पुष्पा मीणा, पूर्व उपप्रधान सुन्दरलाल अहारी, पूर्व अधीक्षण अभियंता हीरालाल सालवी एवं मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गरासिया शामिल रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव प्रदीप कुमार भणात, महासचिव राकेश जैन, मगरा सरपंच उर्मिला देवी बोदर, ढिकवास सरपंच प्रेमिला कसोटा, अश्विन पंचाल, कालू जाबला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठकों का संचालन गोरीशंकर बोदर एवं मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गरासिया ने किया। अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिनेश मीणा ने आभार व्यक्त किया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
