खेरवाड़ा में मांडवा घाटी से बंजारिया के बीच लगातार बढ़ रही चोरी, नकबजनी, लूटपाट, मारपीट एवं आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत करनाउआ के सरपंच एवं प्रशासक हेमंत मीणा, ग्राम पंचायत खांडी ओबरी के प्रशासक भंवरलाल तथा ग्राम पंचायत खानमीन के प्रशासक अरविंद कुमार भनात के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि बंजारिया से मांडवा घाटी के बीच आए दिन चोरी, लूटपाट, मारपीट और नकबजनी की घटनाएं हो रही हैं। क्षेत्र में स्थित स्कूल, कॉलेज, न्यायालय तथा गर्ल्स हॉस्टल के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने से विद्यार्थियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। साथ ही खुलेआम मादक पदार्थों की बिक्री होने से युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और अपराधों में वृद्धि हो रही है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि मांडवा घाटी–बंजारिया मार्ग पर शीघ्र स्थायी पुलिस चौकी स्थापित की जाए। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा पुलिस चौकी बनने तक रात्रि गश्त बढ़ाकर वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हो सके और आमजन को राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग का समर्थन करते हुए मांडवा घाटी–बंजारिया मार्ग पर शीघ्र पुलिस चौकी स्थापित करने और प्रभावी सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग दोहराई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story