खेरवाड़ा कस्बे के निचला खेरवाड़ा स्थित प्राचीन श्री बाल हनुमान–श्री पंचमुखी महादेव मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य के तहत 15 जुलाई 2026 को श्रद्धा एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ द्वितीय शिला पूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस पावन अवसर पर 15 यजमान परिवार विधिवत पूजन-अर्चना में भाग लेकर मंदिर निर्माण के पुण्य कार्य में सहभागी बनेंगे।

मंदिर समिति के अनुसार प्राचीन मंदिर का जीर्णोद्धार लगभग 1500 वर्गफीट क्षेत्रफल में कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी धार्मिक परियोजना पर लगभग 60 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। जीर्णोद्धार कार्य का उद्देश्य मंदिर की प्राचीन गरिमा को संरक्षित रखते हुए इसे अधिक भव्य एवं सुविधायुक्त स्वरूप प्रदान करना है।

द्वितीय शिला पूजन कार्यक्रम वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न होगा, जिसमें श्रीगणपति पूजन, आवाहित देवता पूजन, शिला पूजन, महाआरती एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। सभी धार्मिक अनुष्ठान विद्वान कर्मकांडी आचार्य के सानिध्य तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होंगे।

मंदिर समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान का लाभ लेने तथा मंदिर जीर्णोद्धार अभियान में अपनी सहभागिता निभाने का आग्रह किया है। मंदिर के निर्माणाधीन नवीन स्वरूप के बीच आयोजित होने वाला यह द्वितीय शिला पूजन समारोह जीर्णोद्धार कार्य की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story