खेरवाड़ा। विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छाणी में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 380 विद्यार्थियों को सरल भाषा में कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर अन्याय और असुरक्षा की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश डॉ. जगदीश कुंतल के निर्देशन में पीएलवी चंदूलाल मेघवाल ने रालसा के परिवर्तनकारी मंगलवार अभियान के तहत विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और अन्याय या असुरक्षा की स्थिति में अपनी आवाज उठानी चाहिए। विद्यालय ऐसा सुरक्षित स्थान होना चाहिए, जहां बच्चों के सपनों को पंख मिल सकें।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 19 के तहत विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही असुरक्षित विद्यालयी अवसंरचना से जुड़े जोखिमों तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका के बारे में भी समझाया गया।

पीएलवी चंदूलाल मेघवाल ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह निषेध, बच्चों के विरुद्ध अपराधों से सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सामाजिक कुरीतियों और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसी भी समस्या या संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा रालसा हेल्पलाइन नंबर 9928900900 के बारे में बताया और विद्यार्थियों को इन माध्यमों से शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के व्याख्याता डिम्पल परमार, विनोद कुमार मीणा, भरत कुमार मीणा, छोगालाल जाट, पवन मेहता सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से कुल 380 विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और विधिक सहायता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की जानकारी तालुका विधिक सेवा समिति खेरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा ने दी।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story